हरदोई घर लौट रहे कबाड़ व्यापारी को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला मौके पर ही दर्दनाक मौत

पिहानी क्षेत्र में धोबिया और खटेली गांव के बीच भीषण हादसा, मोटरसाइकिल जुगाड़ ठेली के उड़े परखच्चे; परिवार में मचा कोहराम
हरदोई जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार लोगों की जान ले रहा है। ताजा मामला पिहानी कोतवाली क्षेत्र का है, जहां धोबिया और खटेली गांव के बीच तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल से जुड़ी जुगाड़ ठेली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ठेली सवार कबाड़ व्यापारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबिया निवासी जुगराज उर्फ जुग्गू (पुत्र रामभरोसे) मोटरसाइकिल से बनी जुगाड़ ठेली के जरिए गांव-गांव घूमकर कबाड़ खरीदने का काम करते थे। इसी काम से होने वाली आमदनी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोबिया और खटेली गांव के बीच पिहानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी ठेली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जुगाड़ ठेली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जुगराज ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन चालक डंपर छोड़कर फरार हो चुका था।
सूचना मिलते ही पिहानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। जैसे ही परिवार को जुगराज की मौत की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। वहीं, इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार का सहारा छीन लिया।

हरदोई बालाजी मंदिर में हाथी हुआ खूनी, महंत के बड़े भाई को सूंड से उठाकर पटका फिर पैरों से कुचला, दर्दनाक मौत

हरदोई राजमार्ग पर पलटी करब से भरी ट्रैक्टर ट्राली चालक बाल बाल बचा







