हरदोई बालाजी मंदिर में हाथी हुआ खूनी, महंत के बड़े भाई को सूंड से उठाकर पटका फिर पैरों से कुचला, दर्दनाक मौत

हरदोई। जनपद लखनऊ मार्ग स्थित सुप्रसिद्ध खेतुई बालाजी मंदिर परिसर में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी और चीख-पुकार मच गई, जब मंदिर के ही पालतू हाथी ने अचानक हिंसक रूप धारण कर अपने मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में मंदिर के महंत के बड़े भाई राम सिंह उर्फ कल्लू उम्र करीब 50 की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचने के साथ दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, भगवान बक्स सिंह के पुत्र राम सिंह उर्फ कल्लू शनिवार दोपहर करीब तीन बजे मंदिर परिसर में बंधे हाथी के पास मौजूद थे। इसी दौरान न जाने किस बात पर हाथी अचानक आपे से बाहर हो गया। इससे पहले कि राम सिंह कुछ समझ पाते या वहां से भाग पाते, आक्रामक हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से जकड़कर हवा में उठाया और पूरी ताकत से जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उन्हें अपने भारी-भरकम पैरों से बुरी तरह कुचल दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लेकर भागे लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मंदिर परिसर में मातम पसर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हाथी पहले भी हिंसक होकर कई लोगों पर जानलेवा हमला कर उनकी जान ले चुका है। पूर्व में हुई घटनाओं के बावजूद हाथी की सुरक्षा, निगरानी और उस पर नियंत्रण को लेकर कोई ठोस इंतजाम न किए जाने से अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक के बाद एक हो रही इन घटनाओं के बाद भी जिम्मेदार बेपरवाह बने हुए हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है।









