रायबरेली में संभावित हवाई हमले से बचाव हेतु राजकीय कॉलोनी स्थित पार्क में आयोजित हुई ब्लैक आउट मॉक ड्रिल

रायबरेली में 22 नवम्बर 2026 को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वि०रा०) सहदेव मिश्र एवं नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार की उपस्थिति में राजकीय कॉलोनी स्थित पार्क में संभावित हवाई हमले से बचाव एवं सुरक्षा के दृष्टिगत ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों के लिए मानसिक एवं व्यावहारिक रूप से तैयार करना है। भारत सरकार द्वारा आयोजित ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के माध्यम से नागरिकों एवं प्रशासन को आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी की सजगता एवं पूर्व तैयारी ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है। आयोजित मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग एवं आपदा मित्रों की टीम द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों तथा उपस्थित जनमानस को हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों एवं सावधानियों के संबंध में व्यावहारिक अभ्यास कराकर जागरूक किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान नागरिकों को दिए गए प्रमुख सुरक्षा सुझाव निम्नवत हैं :
- अलर्ट एवं सतर्कता
एयर रेड सायरन की आवाज को पहचानें तथा मोबाइल, रेडियो एवं अन्य माध्यमों से सरकारी अलर्ट प्राप्त करते रहें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही ध्यान दें।
- सुरक्षित स्थान एवं शरणस्थल
अपने निकटतम बंकर अथवा सार्वजनिक शरणस्थल की जानकारी पहले से रखें। घर में एक मजबूत एवं बिना खिड़की वाला कमरा सुरक्षित स्थान के रूप में चिन्हित करें तथा वहां तक पहुंचने का मार्ग पहले से निर्धारित रखें।
- आवश्यक सामग्री तैयार रखें
कम से कम तीन दिन के लिए पीने योग्य पानी एवं बिस्कुट, ड्राई फ्रूट्स जैसे सूखे खाद्य पदार्थों की व्यवस्था रखें। इसके अतिरिक्त प्राथमिक चिकित्सा किट, टॉर्च, अतिरिक्त बैटरियां, पोर्टेबल रेडियो, आवश्यक दस्तावेज, मोबाइल चार्जर एवं पावर बैंक अपने पास तैयार रखें।
- अंधकार एवं सुरक्षा व्यवस्था
रात के समय सरकारी निर्देशों के अनुसार ब्लैकआउट सुनिश्चित करें तथा आवश्यकतानुसार सभी बाहरी लाइटें बंद रखें। खिड़कियों को मोटे पर्दों अथवा काले कागज से ढकें। शीशों से दूर रहें और खतरे की स्थिति में जमीन पर लेटकर स्वयं को सुरक्षित रखें।
- अभ्यास एवं पूर्व तैयारी
परिवार के सदस्यों के साथ हवाई हमले से बचाव संबंधी मॉक ड्रिल का नियमित अभ्यास करें। बच्चों को सुरक्षित स्थानों एवं बचाव की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें। पड़ोसियों से संपर्क बनाए रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे का सहयोग करें।
- हमले के पश्चात बरती जाने वाली सावधानियां
सुरक्षा की दृष्टि से केवल सरकारी निर्देश प्राप्त होने पर ही सुरक्षित स्थान से बाहर निकलें। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएं। किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री को न छुएं तथा तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना दें।
- सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप पर सावधानी
सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप पर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। किसी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। भावनात्मक, भ्रामक एवं उकसाने वाली पोस्ट साझा करने से बचें। केवल सरकारी एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही आगे प्रसारित करें। अनधिकृत वीडियो एवं फोटो साझा न करें, जिससे अनावश्यक भय एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। सोशल मीडिया पर संयम एवं जिम्मेदारी से व्यवहार करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। अंत में नागरिकों से अपील की गई कि वे घबराएं नहीं, सतर्क रहें तथा बच्चों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करें।

हरदोई रुपी पुलिस में बड़ा फेर बदलाव 144 डिप्टी एसपी के तबादले हरदोई को मिले दो नए सिओ

फर्रुखाबाद,ढाई घाट कार्तिक मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी एव पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
JJubair Khan






