दतिया/पण्डोखर धाम की पितृशिला पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया पितृ पूजन पितरों की शांति एवं मोक्ष की कामना से तर्पण, पिण्डदान और 251 वेदियों पर हुआ हवन

पण्डोखर धाम। सर्वपितृमोक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर श्री पण्डोखर सरकार धाम में स्थापित पितृशिला पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मशांति एवं मोक्ष की कामना से विधि-विधानपूर्वक पितृ पूजन, तर्पण और पिण्डदान किया। इस अवसर पर अनेक श्रद्धालुओं ने अपने पितरों को पितृशिला क्षेत्र में स्थान भी प्रदान किया।
पण्डोखर धाम के पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री गुरुशरण जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान धाम के मुख्य आचार्य पं. उमाशंकर शास्त्री के कुशल निर्देशन में सहयोगी आचार्यों द्वारा संपन्न कराए गए। अनुष्ठान में शामिल श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम केश त्यागकर मुण्डन कराया तथा पवित्र पुष्पवती नदी में स्नान करने के बाद श्वेत वस्त्र धारण कर पितृ पूजन किया। इसके पश्चात विधि-विधानपूर्वक तर्पण एवं पिण्डदान कर पितरों की शांति और मुक्ति की कामना की।
अनुष्ठान के अंतर्गत श्रद्धालुओं ने पुष्पवती नदी में पिण्ड विसर्जित कर पुनः स्नान किया। इसके पश्चात 251 वेदियों पर सामूहिक हवन संपन्न हुआ। शाम को पितृशिला क्षेत्र में ब्राह्मणों एवं कन्याओं को भोजन कराकर श्रद्धालुओं ने यथाशक्ति अंगवस्त्र, बर्तन, नकद राशि आदि का दान किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजित भण्डारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्री गुरुशरण जी महाराज के शिष्य एवं श्री पण्डोखर सरकार धाम के संस्थापक व सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने बताया कि धाम में स्थापित पितृशिला पर प्रत्येक माह की श्राद्ध अमावस्या को भी श्रद्धालु अपने पितरों की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। वहीं, प्रतिवर्ष पितृपक्ष की सर्वपितृमोक्ष अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पितृ पूजन के साथ अपने पितरों को पितृशिला क्षेत्र में स्थान प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह परंपरा पितरों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सनातन धार्मिक मान्यताओं के प्रति आस्था का प्रतीक है।
— मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) संस्थापक एवं सचिव, श्री पण्डोखर सरकार धाम

शक्ति की उपासना, आत्मचेतना के जागरण और जीवन में नवसंकल्पों के पावन उत्सव 'शारदीय नवरात्रि' की आप सभी को अनंत शुभकामनाएँ!

खमरिया में स्वर्गीय आनंद त्रिपाठी मेमोरियल विशाल कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, मुख्य अतिथि सरदार अहमद ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह








