देवास में खाद-बीज दुकानों पर कृषि विभाग की कार्रवाई, 28 नमूने जांच के लिए भेजे; दुकानदारों को सख्त निर्देश

किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने पर जोर, प्रत्येक किसान को पक्का बिल देना अनिवार्य
देवास। किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने और कृषि आदान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग के दल ने जिले में संचालित खाद-बीज विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीज के 18 और खाद के 10 नमूने लिए गए। कुल 28 नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई क्षेत्रों में दुकानों का किया निरीक्षण
कृषि विभाग के दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कृषि आदान विक्रय केंद्रों की जांच की। निरीक्षण के दौरान महादेव कृषि सेवा केंद्र चापड़ा, बागली, शिव कृषि सेवा केंद्र बालोन, टोंकखुर्द, अंबिका कृषि सेवा केंद्र चोबाराधीरा, टोंकखुर्द, बालाजी ट्रेडिंग कन्नौद, सानवी एग्रो केमिकल्स कन्नौद, महाकाल एग्रो एजेंसी खातेगांव, मां नर्मदा इंटरप्राइजेज खातेगांव, पराग बीज उत्पादक सहकारी संस्था जियागांव, अंशुल एग्री क्लिनिक खातेगांव, कैलाशचंद धूत एंड कंपनी कन्नौद तथा भू-स्वरूपा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी बागली सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान लिए गए बीज एवं खाद के नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। यदि किसी नमूने में निर्धारित मानकों के विपरीत स्थिति पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हर किसान को पक्का बिल देना अनिवार्य
कृषि विभाग के दल ने कृषि आदान विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज एवं खाद उपलब्ध कराएं। साथ ही, प्रत्येक किसान को कृषि सामग्री बेचते समय अनिवार्य रूप से पक्का बिल प्रदान करें, ताकि खरीदी गई सामग्री की मात्रा, कीमत और अन्य आवश्यक विवरण का रिकॉर्ड किसान के पास रहे।
विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना, खाद-बीज की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है।









