भदोही मे 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

भदोही मे 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा
65 देशों के 400 से अधिक विदेशी खरीदार होंगे शामिल, 200 से अधिक निर्यातक प्रदर्शित करेंगे कालीन उत्पाद विद्युत, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, पुलिस सहित संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश भदोही, 02 अक्टूबर 2026। कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (CEPC) के तत्वावधान में आगामी 04 से 07 अक्टूबर 2026 तक कालीन नगरी भदोही स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो (गोल्डन जुबली संस्करण) की तैयारियों का जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। जिलाधिकारी ने एक्सपो मार्ट परिसर का भ्रमण कर आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियां समय से पूर्ण करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले खरीदारों एवं प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से पूर्व अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी व्यवस्थाएं एवं निर्धारित सुरक्षा मानक सुनिश्चित कर लिए जाएं। उन्होंने अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का परीक्षण करने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी को आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही एक्सपो मार्ट परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो में 65 देशों के 400 से अधिक विदेशी खरीदारों के शामिल होने की संभावना है। अब तक लगभग 325 विदेशी खरीदार पंजीकरण करा चुके हैं। एक्सपो में भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर, आगरा, पानीपत, जयपुर, बीकानेर एवं कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों के 200 से अधिक कालीन एवं फ्लोर कवरिंग निर्यातक अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। एक्सपो के माध्यम से भारतीय हस्तनिर्मित कालीन एवं फ्लोर कवरिंग उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर मिलने की संभावना है। निर्यातकों द्वारा वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप नए डिजाइन एवं सैंपल तैयार किए गए हैं। इस बार BRICS देशों के खरीदारों पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है तथा उनके लिए अलग बायर्स लाउंज (क्रेताओं के लिए विशेष कक्ष) की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (CEPC) द्वारा एक्सपो के दौरान BRICS कारपेट कॉन्क्लेव का आयोजन भी किया जाएगा। कॉन्क्लेव के माध्यम से BRICS देशों के बीच कालीन एवं फ्लोर कवरिंग के व्यापार, बाजार एवं निर्यात संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान श्री असलम महबूब, उपाध्यक्ष, कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (CEPC), डॉ. स्मिता नागरकोटी, कार्यकारी निदेशक, CEPC, संबंधित विभागों के अधिकारी, कालीन निर्यातक एवं आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भिंड में अवैध हथियार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

नागदा में गूंज रहा श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश चार दिवसीय गीता प्रचार अभियान शुरू,








