श्रीगंगानगर दादा की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट में लिखा- “I AM SORRY”

श्रीगंगानगर
जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में शनिवार, 12 सितंबर की शाम एक दुखद घटना सामने आई। श्रीकरणपुर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान एवं कांग्रेस नेता युवरेंद्र सिंह ‘यूरी’ के 27 वर्षीय बेटे जैसल सिंह बराड़ ने अपने घर के कमरे में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि जैसल ने अपने दादा सरदार बाघ सिंह बराड़ की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाई। शाम करीब 5 बजे घर का नौकर चाय देने कमरे में पहुंचा तो जैसल का शव बेड पर मिला।
घटना की सूचना पर श्रीकरणपुर डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह पुलिस टीम और FSL टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पिस्टल और मौके से मिले सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट पर अंग्रेजी में “I AM SORRY” लिखा हुआ बताया जा रहा है।
जैसल सिंह अविवाहित थे और LLB की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











