डीएम व एसपी ने धर्मगुरुओं, आयोजकों एवं संबंधित अधिकारियों से संवाद कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आगामी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

रायबरेली में 08 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी पर्वों एवं त्योहारों के आयोजन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि का आयोजन 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत दुर्गा महाष्टमी 18 अक्टूबर, राम नवमी, दशहरा/भरत मिलाप, महर्षि वाल्मीकि जयंती 20/21 अक्टूबर, धनतेरस 06 नवम्बर, नरक चतुर्दशी 07 नवम्बर, दीपावली 08 नवम्बर, गोवर्धन पूजा 09/10 नवम्बर, भैयादूज एवं चित्रगुप्त जयंती 10 नवम्बर, छठ पूजा 15/16 नवम्बर तथा कार्तिक पूर्णिमा 24 नवम्बर 2026 को मनाई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सभी पर्व एवं त्योहार भाईचारे, आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी आयोजनों को पूर्व से चली आ रही परंपराओं के अनुरूप ही सम्पन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न होने दी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त रूप से भ्रमण कर जुलूस मार्गों, कार्यक्रम स्थलों एवं पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर लें। निरीक्षण के दौरान यदि कहीं कोई समस्या अथवा कमी पाई जाती है तो संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर उसका समय से निराकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों को समय से पूर्व गड्ढामुक्त कराना सुनिश्चित करें, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने दुर्गा पूजा समितियों, रामलीला एवं भरत मिलाप समितियों, मेला समितियों, शोभायात्रा आयोजकों, धर्मगुरुओं, मौलवियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं गंगा स्नान घाटों से जुड़े प्रतिनिधियों से प्रशासन का सहयोग करने तथा आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस/ प्रशासन का सहयोग करें तथा युवाओं को भी जागरूक करें कि वे किसी भी अप्रिय घटना अथवा हुड़दंग में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि पूजा स्थलों एवं जुलूसों में अश्लील गीत-संगीत का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन अथवा प्रयोग पूर्णतः वर्जित होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सुनिश्चित करें।

रायबरेली जिलाधिकारी ने कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर की बैठक

फर्रुखाबाद-डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने किया 69वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ
JJubair Khan







