भदोही खमरिया का सुप्रसिद्ध भरत मिलाप सकुशल संपन्न, विधायक दीनानाथ भास्कर ने किया मेले का शुभारंभ

खमरिया का सुप्रसिद्ध भरत मिलाप सकुशल संपन्न, विधायक दीनानाथ भास्कर ने किया मेले का शुभारंभ*
खमरिया, भदोही।* नगर पंचायत खमरिया का सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक भरत मिलाप रविवार को देर रात्रि सकुशल संपन्न हुआ। मेले का शुभारंभ औराई विधायक दीनानाथ भास्कर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम ने पूरे समाज को साथ लेकर चलने का संदेश दिया था, उसी मार्ग पर हम सभी को चलना चाहिए और आपसी सद्भाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने भरत मिलाप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे प्रेम और त्याग का प्रतीक बताया।
परंपरा के अनुसार नगर के मुख्य चौराहे पर राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न का मिलन कराया जाता है। मिलन के पश्चात आरती उतारी गई और प्रसाद वितरण किया गया। भरत मिलाप देखने के लिए नगर सहित आसपास की दर्जनों ग्रामसभाओं से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
इस दौरान आकर्षक लाग-विमान झांकियां निकाली गईं, जो विंध्यवासिनी कारपेट के सामने से होकर गुजरीं। झांकियों में भक्त प्रहलाद, अघोरी शिवजी, महाकाल की भस्म आरती, सुदामा-कृष्ण संवाद, मां काली की पूजा, मां काली द्वारा भस्मासुर वध, ब्रह्मा-विष्णु-महेश और नवदुर्गा सहित अन्य सजीव लाग-विमान शामिल रहे, जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संरक्षक दीनानाथ बरनवाल, संरक्षक कृष्ण कुमार केशरवानी, अध्यक्ष संदीप मौर्या, कोषाध्यक्ष शिवजी बरनवाल, रवि सोनी, गयाजी बरनवाल, जयप्रकाश शुक्ला, विशाल सोनी, विनय मौर्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्राधिकारी औराई, थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज मय फोर्स तैनात रहे।









