बदायूं:जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने मेला ककोड़ा की तैयारियों का लिया जायजा अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को आगामी मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) के सकुशल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने गंगा तट स्थित मेला स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेले की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने निर्देश दिए कि मेले की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर युद्धस्तर पर पूरी कराई जाएं। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए मेला स्थल तक जाने वाले मार्गों का निर्माण एवं मरम्मत समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।मेले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।अधिकारियों ने मेला परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता तथा पेयजल सहित अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और मेले का आयोजन सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को कहा गया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभिषेक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर श्री साईं अश्रित शाखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी श्री राहुल पाण्डेय, थाना कादरचौक के थानाध्यक्ष विक्रम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अमित सिंह प्रिंस ने ली पीड़ित परिवार की सुध, बच्चों की पढ़ाई और बेटियों के विवाह का उठाया जिम्मा,एक लाख नगदी की दी सहायता

अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान







