भोपाल । भोपाल को देश की नंबर-वन राजधानी बनाने के लिए सभी विभाग मिशन मोड में करें कार्य

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत गीतांजलि वार्ड-13 में आयोजित जनकल्याण शिविर में नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण। टीलाजमालपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों के 1,300 से अधिक पेयजल कनेक्शनों की जांच कर डबल कनेक्शन एवं बिल की समस्या दूर करने के निर्देश भोपाल को देश की नंबर-वन राजधानी बनाने तथा स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने के लिए सभी विभाग समन्वित कार्ययोजना के साथ मिशन मोड में कार्य करें। इसके लिए प्रभावी मॉनीटरिंग व्यवस्था विकसित कर नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश सांसद आलोक शर्मा ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को गीतांजलि वार्ड-13 के टीलाजमालपुरा में आयोजित जनकल्याण शिविर में दिए। उन्होंने बड़े तालाब के संरक्षण, भोज वेटलैंड प्राधिकरण के गठन तथा तालाब की जैव विविधता सुरक्षित रखने के लिए भी प्रभावी पहल करने पर जोर दिया। शिविर में महापौर मालती राय ने नागरिकों की पेयजल संबंधी समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए टीलाजमालपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों में 1,300 से अधिक पेयजल कनेक्शनों की जांच कर डबल नल-जल कनेक्शन एवं दोहरे बिल की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, क्षेत्रीय पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन की संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकल्याणकारी कार्यप्रणाली का प्रभावी उदाहरण है। अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण कर रही है। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि भोपाल को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित शहर बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड एवं ब्लॉक स्तर पर सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। आगामी एक माह में आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियां पूर्व से प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को अधिकाधिक शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सके।शिविर के पश्चात महापौर मालती राय, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्थानीय महिलाओं से संवाद कर साफ-सफाई, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने शासकीय माध्यमिक शाला टीलाजमालपुरा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। महापौर एवं कलेक्टर ने टीलाजमालपुरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कम्युनिटी आयुष मेडिकल ऑफिसर से केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य एवं आयुष सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि केंद्र में प्रतिदिन प्रातःकाल योग गतिविधियां भी संचालित की जाती हैं। नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर कलेक्टर ने यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त योग केंद्र विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

रायबरेली में डीएम व एसपी ने कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर किया घाटों का स्थलीय निरीक्षण

राजस्व व पुलिस टीम ने सार्वजनिक चक रोड को कराया कब्जा मुक्त







