भदोही मे पुरानी पेंशन, टीईटी और स्थानांतरण समेत कई मांगों को लेकर शिक्षकों का धरना, बीएसए को सौंपा ज्ञापन

भदोही मे पुरानी पेंशन, टीईटी और स्थानांतरण समेत कई मांगों को लेकर शिक्षकों का धरना, बीएसए को सौंपा ज्ञापन
भदोही। शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से जुड़े आदेश पर पुनर्विचार, अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने और चयन वेतनमान सहित कई मांगें उठाईं। ज्ञापन में कहा गया कि एक अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था से वंचित कर नई पेंशन प्रणाली लागू की गई है। शिक्षकों ने नई पेंशन प्रणाली में जमा धनराशि के निवेश को जोखिमपूर्ण बताते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की। शिक्षकों ने सुप्रीम कोर्ट के सिविल अपील संख्या 1385/2025 में एक सितंबर 2025 को दिए गए आदेश का हवाला देते हुए टीईटी की अनिवार्यता से जुड़े विषय पर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता से संबंधित विषय पर स्पष्टता और समाधान जरूरी है। इसके अलावा विशेष श्रेणी की शिक्षिकाओं के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की लंबित सूची शीघ्र जारी करने की मांग की गई। शिक्षकों ने 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वालों को चयन वेतनमान का लाभ देने तथा बीएड और टीईटी योग्यताधारी मृतक शिक्षकों के आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग उठाई। ज्ञापन में प्रत्येक विद्यालय अथवा एक ही परिसर में संचालित विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सफाई कर्मचारी और चौकीदार की नियुक्ति, अंतरजनपदीय एवं पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया आगामी शीतकालीन अवकाश में पूरी कराने तथा बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों को दूसरे शनिवार का अवकाश और अर्जित अवकाश देने की मांग भी शामिल रही। धरने में डॉ. प्रमोद मिश्र, सूबेदार यादव, रविन्द्र, अरविन्द स्थाध्याय, योगेश, नवनीत सिंह, मोनू, वीरेन्द्र सिंह, राजेन्द्र गौतम, माश्मीन बानो, दीपिका मिश्रा, राकेश पारी और मोहन यादव सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

श्रावस्ती : गिलौला ब्लॉक में सरकारी संपत्ति पर चोरों का धावा! ताला तोड़कर दीवार फांदकर घुसे, मतपेटियां ठेले पर लादते समय दो पकड़े गए, दो

श्रावस्ती : मौत के हादसे के बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग! खेत में झूल रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन, किसानों की जान खतरे में







